Delhi Shocker: दिल्ली में क्रिकेट खेलते समय लड़के की करंट लगने से मौत
बाहरी दिल्ली के रनहोला इलाके में क्रिकेट खेलते समय बिजली के खंभे के संपर्क में आने से 13 वर्षीय लड़के की मौत हो गई. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी.
नयी दिल्ली, 11 अगस्त : बाहरी दिल्ली के रनहोला इलाके में क्रिकेट खेलते समय बिजली के खंभे के संपर्क में आने से 13 वर्षीय लड़के की मौत हो गई. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस उपायुक्त (बाहरी) जिमी चिराम ने कहा, ‘‘हमें शनिवार को दोपहर करीब एक बजकर 27 मिनट पर रनहोला पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल मिली, जिसमें बिजली का करंट लगने से एक लड़के की मौत की सूचना दी गई.’’
उन्होंने बताया कि टीम को पता चला कि कोटला विहार फेज-2 में क्रिकेट खेल रहे इस लड़के की बिजली के खंभे के संपर्क में आने से करंट लगने की वजह से मौत हो गई. इस लोहे के खंभे के जरिये एक गौशाला को बिजली आपूर्ति की गई है. पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है. इस बीच, मृतक की मां अनीता देवी ने गौशाला और बिजली विभाग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. यह भी पढ़ें : Virat Kohli Record: आगामी टेस्ट सीरीज में विराट कोहली के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका, सचिन तेंदुलकर और रिकी पोंटिंग के साथ इस एलीट क्लब में हो सकते हैं शामिल
अनीता ने कहा, ‘‘मेरा बेटा, जो सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था, शनिवार को अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने गया था. वह गेंद लेने के लिए गौशाला के पास गया. उसे वहां उस खंभे के संपर्क में आने पर करंट लग गया जिससे बिजली का तार गौशाला तक ले जाया गया है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘बहुत से छोटे बच्चे क्रिकेट खेलने के लिए मैदान में जाते हैं और ऐसा किसी के साथ भी हो सकता है. जब मेरा बेटा मर रहा था, तब कोई भी उसे बचाने के लिए आगे नहीं आया.’’ इस बीच, भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने लड़के की मौत पर दुख जताया है और मामले की जांच की मांग की. सचदेवा ने एक बयान में दावा किया कि दिल्ली में बिजली कंपनियों की लापरवाही के कारण यह सातवीं मौत है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 11, 2024 04:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

