सूरी (पश्चिम बंगाल), सात अक्टूबर पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पनरुई बाजार में देसी बम फेंके गए जहां भाजपा कार्यकर्ता बुधवार को एक रैली के लिए एकत्रित हुए थे। पुलिस ने इस संबंध में आठ व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
भाजपा नेताओं ने दावा किया इस घटना में कई व्यक्ति घायल हो गए और इसके पीछे तृणमूल कांग्रेस है। सत्ताधारी पार्टी ने हालांकि इस आरोप से इनकार किया।
बोलपुर के उप मंडल पुलिस अधिकारी अभिषेक रे ने कहा, ‘‘दो राजनीतिक दलों के बीच झड़प के दौरान बम फेंके गए। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर कर दिया। आठ व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।’’
भाजपा कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में कथित तौर पर फंसाने के विरोध में जिले के सभी पुलिस थानों में ज्ञापन देने के एक कार्यक्रम के तहत, पार्टी के कार्यकर्ता बाजार में एकत्रित हुए थे ताकि वे पनरुई पुलिस थाने की ओर बढ़ सकें।
यह भी पढ़े | Hathras Gangrape Case: राहुल गांधी ने हाथरस पीड़ित परिवार के साथ बातचीत का वीडियो जारी किया.
भाजपा जिला अल्पसंख्यक इकाई के प्रमुख शेख समद ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘जब हमारे कार्यकर्ता पनरूई बाजार में एकत्रित हो रहे थे, तो तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने बम फेंकने शुरू कर दिये। मेरे सहित हमारे कई कार्यकर्ता घायल हो गए।’’
हालांकि बाद में रैली का आयोजन किया गया।
जिला भाजपा अध्यक्ष एस. मंडल ने दावा किया कि ‘‘भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस और तृणमूल कांग्रेस प्रताड़ित कर रहे हैं और हमारे खिलाफ झूठे मामले दर्ज किये जा रहे हैं।’’
तृणमूल कांग्रेस के बीरभूम उपाध्यक्ष अभिजीत सिन्हा ने हालांकि आरोपों से इनकार किया और दावा किया कि भाजपा जिले में अशांति उत्पन्न करने का प्रयास कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY