देश की खबरें | कोलकाता के भारतीय संग्रहालय में बम की सूचना अफवाह निकली

कोलकाता, एक अप्रैल कोलकाता स्थित भारतीय संग्रहालय में मंगलवार को बम की सूचना के बाद सुरक्षाकर्मियों के गहन तलाशी अभियान में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और सूचना अफवाह साबित हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दौ सौ साल से भी ज्यादा पुराने संग्रहालय की सुरक्षा संभाल रहे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने न्यू मार्केट पुलिस थाने को इसकी सूचना दी थी, जिसके बाद गहन तलाशी शुरू की गई।

सूत्रों ने बताया कि पुलिस से मंजूरी मिलने तक संग्रहालय को आगंतुकों के लिए बंद कर दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार संग्रहालय के अधिकारियों को एक ईमेल मिला जिसमें दावा किया गया कि मंगलवार को संग्रहालय में बम रखे जाएंगे। संदेश में हालांकि सटीक स्थान नहीं बताया गया था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘संग्रहालय में 51 से अधिक कमरे हैं और सुरक्षाकर्मी उनकी तलाशी ले रहे हैं। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।’’

जवाहरलाल नेहरू रोड पर स्थित भारतीय संग्रहालय के फुटपाथ पर अवरोधक लगा दिए गए हैं।

इस वक्त दिल्ली में मौजूद संग्रहालय के निदेशक ए.डी. चौधरी ने फोन पर ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘मुझे पता लगा है कि एक ईमेल भेजा गया था। सीआईएसएफ पुलिस के साथ मिलकर तलाशी अभियान चला रही है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)