मुंबई, चार सितंबर बॉलीवुड हस्तियों अभिषेक बच्चन, तापसी पन्नू और करीना कपूर खान ने शनिवार को तोक्यो पैरालंपिक में भारतीय निशानेबाज मनीष नरवाल और सिंहराज अडाना के पदक जीतने की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें उन पर गर्व है।
नरवाल ने तोक्यो में जारी पैरालंपिक खेलों में रिकॉर्ड कायम करते हुए भारत की झोली में तीसरा स्वर्ण पदक डाला जबकि सिंहराज अडाना ने रजत पदक जीता।
बच्चन ने नरवाल और अडाना को पैरालंपिक में शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी।
45 वर्षीय अभिनेता ने लिखा, ''शानदार प्रदर्शन जारी है! मनीष नरवाल और सिंहराज अडाना को तोक्यो पैरालंपिक्स में क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक जीतने के लिए बधाई।''
पन्नू ने नरवाल और अडाना के पदक जीतने पर खुशी जताई।
उन्होंने कहा, ''एक स्वर्ण और एक रजत भारत आ रहा है।''
करीना ने इंस्टाग्राम पर नरवाल की तस्वीर साझा की और लिखा, ''गर्व का पल। मनीष नरवाल को बधाई।''
दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर ने भी स्वर्ण पदक जीतने पर नरवाल को बधाई दी।
उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ''भारत के नाम एक और स्वर्ण। मनीष नरवाल को बधाई।''
अभिनेता ने एक और पोस्ट में अडाना को भी बधाई दी।
राजकुमार राव ने इंस्टाग्राम पर नरवाल और अडाना की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ''पैरालंपिक में भाग लेने वाले हमारे सभी खिलाड़ियों पर बहुत गर्व है।''
बाद में हस्तियों ने बैडमिंटन पुरूष एकल एसएल3 वर्ग में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रमोद भगत को भी बधाई दी।
दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी भगत ने फाइनल में ब्रिटेन के डेनियल बेथेल को हराया जबकि उनके हमवतन मनोज सरकार ने तीसरे स्थान के प्लेऑफ में जापान के दाइसुके फुजीहारा को हराकर कांस्य पदक जीता। दोनों ही खिलाड़ियों ने सीधे गेम में जीत दर्ज की।
कपूर ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ''प्रमोद भगत को स्वर्ण जीतने पर बधाई।''
पन्नू ने ट्वीट किया, ''एक और, गिनती नहीं रुकनी चाहिये। मनोज सरकार''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY