देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर के पुंछ में बाढ़ में बहे दो सैनिकों के शव बरामद

जम्मू, नौ जुलाई जम्मू कश्मीर के पुंछ में भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में बहे दो सैनिकों के शव बरामद हुए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सेना के दोनों जवान सुरानकोट इलाके में डोगरा नाले को पार कर रहे थे और इस दौरान वे तेज बहाव में बह गए।

अधिकारियों के मुताबिक, नायब सूबेदार कुलदीप सिंह का शव शनिवार रात को डोगरा नाले से निकाल लिया गया, जबकि लांस नायक तेलु राम का शव रविवार को बरामद हुआ।

दोनों सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सेना ने कहा कि हादसे के वक्त जवान क्षेत्र में गश्त लगा रहे थे।

व्हाइट नाइट कोर ने ट्विटर पर कहा, ‘‘पुंछ के दुर्गम इलाके में गश्त के दौरान लांस नायक तेलु राम पहाड़ी नाले को पार करते हुए अचानक आई बाढ़ में बह गए। गश्ती दस्ते के नायब सूबेदार कुलदीप सिंह ने लांस नायक तेलु राम को बचाने की कोशिश में अपने प्राण भी गंवा दिए। ''

सेना के प्रवक्ता ने कहा कि नायब सूबेदार सिंह तरन तारन और लांस नायक राम होशियारपुर के निवासी हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)