जरुरी जानकारी | बीएलएस ई-सर्विसेज का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में 59 प्रतिशत बढ़कर 17 करोड़ रुपये पर

नयी दिल्ली, 15 मई डिजिटल सेवा प्रदाता बीएलएस ई-सर्विसेज का एकीकृत शुद्ध लाभ मार्च में समाप्त तिमाही में सालाना आधार पर 58.7 प्रतिशत बढ़कर 17.3 करोड़ रुपये रहा।

एक साल पहले 2023-24 की इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 10.9 करोड़ रुपये था।

बीएलएस इंटरनेशनल की अनुषंगी बीएलएसई ई-सर्विसेज ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि मार्च, 2025 को समाप्त तिमाही में उसकी कुल आय लगभग तीन गुना होकर 245.2 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 78.7 करोड़ रुपये थी।

पूरे वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 58.8 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले 33.5 करोड़ रुपये था।

बैंक प्रतिनिधि, ई-गवर्नेंस जैसी सेवाएं देने वाली कंपनी की कुल आय आलोच्य वित्त वर्ष में सालाना आधार पर 76 प्रतिशत बढ़कर 545 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले 2023-24 में 309.6 करोड़ रुपये थी।

बीएलएस ई-सर्विसेज लि. के चेयरमैन शिखर अग्रवाल ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2024-25 हमारे अब तक के सर्वश्रेष्ठ वित्तीय प्रदर्शन वाला वर्ष रहा, जिसमें हमने कुल आय में 500 करोड़ रुपये का महत्वपूर्ण लक्ष्य हासिल किया...।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आदिफिडेलिस सॉल्यूशंस प्राइवेट लि. (एएसपीएल) का सफल अधिग्रहण भी एक बड़ी उपलब्धि रही। इससे हमारे कारोबार की वृद्धि में योगदान दिया।’’

अग्रवाल ने कहा, ‘‘हमारा रणनीतिक जोर डिजिटल अवसंरचना को सुदृढ़ करने पर है, ताकि सेवा की पहुंच में सुधार हो और नए बाजार क्षेत्रों में प्रवेश किया जा सके।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)