देश की खबरें | भाजयुमो सदस्यों ने विरोध के दौरान केजरीवाल के आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरे, बैरियर को तोड़ा: सिसोदिया

नयी दिल्ली, 30 मार्च दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की युवा शाखा भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने यहां विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा अवरोधकों पर हमला किया और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया।

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यहां केजरीवाल के आवास पर प्रदर्शन किया और कथित तौर पर कश्मीरी पंडितों का “मजाक उड़ाने” के लिये उनसे माफी की मांग की।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक ट्वीट में दावा किया कि असामाजिक तत्वों ने दिल्ली में केजरीवाल के आवास पर सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के लिये लगाए गए अवरोधकों पर हमला किया और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि द्वार पर लगा ‘बूम बैरियर’ भी टूट गया है।

सिसोदिया ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “भाजपा के गुंडों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर में तोड़फोड़ की। भाजपा की पुलिस उन्हें रोकने के बजाय घर के गेट तक ले गई।”

दिल्ली के गृह मंत्री सत्येंद्र जैन ने यह भी आरोप लगाया कि “भाजपा के लोगों द्वारा हमला दिल्ली पुलिस के कर्मियों की मौजूदगी में किया गया, जिसके दौरान सीसीटीवी कैमरे और बैरियर तोड़ दिए गए।”

भाजयुमो के राष्ट्रीय सचिव तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने कहा कि संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के घर के निकट प्रदर्शन किया, लेकिन किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं की।

बग्गा ने ‘पीटीआई-’ को बताया, “हमें पुलिस ने रोका और तेजस्वी सूर्या सहित हमारे लगभग 20-25 सदस्यों और नेताओं को हिरासत में लिया गया और एक पुलिस स्टेशन ले जाया गया। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)