देश की खबरें | राजस्थान में भाजपा का विशेष सदस्यता अभियान बृहस्पतिवार से

जयपुर, 16 अगस्त भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजस्थान में अपना विशेष सदस्यता अभियान बृहस्पतिवार को शुरू करेगी।

इस बीच पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने किसान कर्जमाफी, बेरोजगारी भत्ता व कानून व्यवस्था को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है।

पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि भाजपा द्वारा विशेष सदस्यता अभियान की शुरुआत बृहस्पतिवार सुबह खंडेलवाल सभा भवन, वैशाली नगर से की जाएगी। इस दौरान भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह और प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी सहित 'कोर कमेटी' के सदस्य मौजूद रहेंगे।

इस अभियान में प्रदेश के नए मतदाताओं और सदस्यता अभियान से पूर्व में अछूते रहे लोगों को भाजपा की सदस्यता लेने को प्रेरित किया जाएगा। राज्य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जोशी ने विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस सरकार ने कोई ऐसा काम नहीं किया जो धरातल पर दिखाई दे।

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘इस सरकार ने साढ़े चार साल में सिर्फ कुर्सी बचाने व भ्रष्टाचार करने के अलावा कोई काम नहीं किया। अब विकास की बात करते हैं तो इनका असली चेहरा तो जनता के सामने आ चुका है।’’ उन्होंने बेरोजगारी भत्ता, किसान कर्जमाफी, कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर आरोप लगाए।

सरकार की अन्नपूर्णा नि:शुल्क फूड पैकेट योजना के बारे में जोशी ने कहा, ‘‘एक महीने में फूड पैकेट देकर आप जनता को लुभाना चाहते हैं...अच्छा होता कि सरकार इन योजनाओं को सत्ता में आने के पहले दिन से ही शुरू करती।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)