नासिक (महाराष्ट्र), आठ जुलाई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष शरद पवार ने शनिवार को कहा कि ऐसा लगता है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यस्तरीय दलों को बर्बाद करने और विपक्ष को कमजोर करने की योजना बना ली है।
अपने भतीजे अजित पवार और राकांपा के कुछ अन्य विधायकों के विद्रोह करने तथा महाराष्ट्र की शिवसेना-भाजपा सरकार में शामिल होने के कुछ दिन बाद शरद पवार पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्थन जुटाने के लिए दौरे कर रहे हैं।
नासिक में पत्रकारों से बात करते हुए शरद पवार ने कहा कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, अटल बिहारी वाजपेयी और पीवी नरसिम्हा राव की राजनीति देखी है, वे सभी विपक्षी दलों के बारे में (आलोचनात्मक) टिप्पणी करते थे लेकिन कभी भी उन्हें चुप कराने की कोशिश नहीं करते थे।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि राज्य स्तरीय पार्टियों को नष्ट करने की भाजपा की योजना है। उन्होंने अलग-अलग जगहों पर ऐसा किया है। चुनावी लोकतंत्र में विपक्षी दल भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना सत्तारूढ़ दल। लेकिन भाजपा की नीति विपक्ष को कमजोर करने की है।’’
पवार ने कहा कि भाजपा जानती है कि सच क्या है, इसलिए वह 2024 में लोकसभा चुनाव में बहुमत पाने के लिए अन्य दलों को तोड़ रही है।
उन्होंने कहा कि यह चुनावी लोकतंत्र के लिए बहुत नुकसानदेह है।
राकांपा नेता ने कहा कि जिन लोगों के साथ उनके मतभेद हैं, उन्हें वह अपना दुश्मन नहीं समझते।
उन्होंने कहा, ‘‘मतभेद का मतलब शत्रुता नहीं है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY