देश की खबरें | नड्डा के काफिले पर हमला के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भोपाल/इन्दौर, 10 दिसंबर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर पश्चिम बंगाल में हमले को लेकर तीखा आक्रोश जताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार शाम भोपाल और इन्दौर में कई स्थानों पर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पुतले फूंके।

मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने इस घटना को पश्चिम बंगाल सरकार के इशारे पर किया गया ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण और कायरतापूर्ण कृत्य’’ करार दिया।

यह भी पढ़े | Kota Infant Deaths: कोटा जेके लोन अस्पताल में फिर हुई 9 नवजात शिशुओं की मौत, पिछले साल गई थी 100 से ज्यादा बच्चों की जान.

शर्मा ने भोपाल में कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में भाजपा के बढ़ते प्रभाव से ममता बनर्जी पूरी तरह से बेचैन हैं और नड्डा, विजयवर्गीय और भाजपा के अन्य लोगों पर सरकार ने यह कायरतापूर्ण हमला करवाया है।’’

भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के भोपाल जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी के नेतृत्व में बोर्ड ऑफिस चौराहे पर घटना के विरोध में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला जलाया।

यह भी पढ़े | Farmers Protest: केंद्र और किसानों की तरफ से बयानबाजी जारी, राकेश टिकैत ने कहा-हमें भारत सरकार से मतलब है पिछली और पुरानी सरकारें क्या करके गई उससे नहीं.

इन्दौर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने तीखा आक्रोश जताते हुए शाम को 100 प्रमुख चौराहों पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पुतले फूंके।

इंदौर की भाजपा इकाई के अध्यक्ष गौरव रणदीवे की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ता शहर के हृदयस्थल राजबाड़ा चौक में जुटे और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके पुतले को आग के हवाले कर दिया।

रणदीवे ने संवाददाताओं से कहा, "पश्चिम बंगाल में भाजपा के बढ़ते जनाधार से बौखलाए तृणमूल कांग्रेस के गुंडे लोकतंत्र की हत्या करना चाहते हैं। नड्डा के काफिले पर उनके हमले के बाद ममता बनर्जी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।"

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के कथित कार्यकर्ताओं ने नड्डा के काफिले पर उस समय हमला किया जब वह भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने डायमंड हार्बर जा रहे थे। इसमें भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सहित पार्टी के कई नेता घायल हो गए।

इंदौर, विजयवर्गीय का गृहनगर है और इस हमले पर भड़के उनके समर्थकों ने बनर्जी के खिलाफ आक्रोश जताया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)