अगरतला, दो मार्च त्रिपुरा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदर्शन के आशाओं के अनुरूप होने का दावा करते हुए मुख्यमंत्री माणिक साहा ने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा सरकार सभी क्षेत्रों में राज्य के विकास के लिए काम करती रहेगी।
पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में व्यापक रूप से प्रचार करने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा एवं अन्य केंद्रीय मंत्रियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहली बार ‘त्रिकोणीय मुकाबला’ नजर आया।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ भाजपा की जीत प्रत्याशित थी... हम इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब हमारी जिम्मेदारी बढ़ गयी है। प्रधानमंत्री हमें जो मार्ग दिखायेंगे, हम उस दिशा में आगे बढ़ेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ त्रिपुरा में अबतक चुनाव दो दलों के बीच सीधा मुकाबला था। यह पहली बार है कि राज्य में त्रिकोणीय मुकाबला देखा गया है।’’
साहा ने ‘टाउन बोरडोवाली’ विधानसभा क्षेत्र से 1257 मतों के अंतर से चुनाव जीता है। साहा को 19586 मत मिले जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के आशीष साहा को 18329 मत मिले।
पिछले साल वह इस सीट से कांग्रेस के आशीष कुमार साहा को 5000 से अधिक मतों के अंतर से हराकर विधानसभा उपचुनाव जीते थे। इस बार उनकी जीत का अंतर घट गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY