देश की खबरें | राजनीति के लिए 'देशभक्ति के लेबल' का इस्तेमाल करती है भाजपा : मुख्यमंत्री स्टालिन

चेन्नई, 14 अगस्त तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर परोक्ष हमला करते हुए कहा कि 'देशभक्ति के लेबल' का इस्तेमाल कर दुर्भावनापूर्ण कृत्यों में शामिल होने की बेहूदा राजनीति को कानूनी तौर पर दबा दिया जाएगा।

स्टालिन ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवा पार्टी ने आजादी की 75वीं वर्षगांठ का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया।

मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने का आरोप लगाया।

मदुरै में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य के वित्त मंत्री पलानीवेल त्यागराजन की कार पर कथित तौर पर चप्पल फेंकने की घटना का जिक्र करते हुए स्टालिन ने कहा कि उस वाहन के बोनट पर भी राष्ट्रीय ध्वज लगा था।

उन्होंने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) कार्यकर्ताओं को लिखा है कि उन्होंने (भाजपा कार्यकर्ताओं ने) चप्पल फेंककर स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ समारोह की गरिमा को ठेस पहुंचाई है और यह घटना दर्शाती है कि उनकी 'देशभक्ति कितनी असली है'।

उन्होंने आरोप लगाया कि 13 अगस्त को मदुरै में शहीद सैनिक को श्रद्धांजलि देने के औपचारिक समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई और उनकी पार्टी के पदाधिकारी श्रद्धांजलि देने की बजाय सस्ते राजनीतिक प्रचार के लिए एकत्र हुए थे।

स्टालिन ने कहा कि जब त्यागराजन और अधिकारियों ने एक सरकारी समारोह में भाग लेने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के आगमन पर सवाल उठाया, तो उन्होंने एक हुड़दंगी व्यवहार किया और अपने 'मानक' दर्शाए।

स्टालिन ने कहा कि चप्पल फेंककर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने और हिंसा भड़काने की कोशिश करने वाले लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट रूप से भाजपा पर हमला करते हुए कहा, ''मैं इस घटना के पीछे की ताकतों को चेतावनी देने के लिए बाध्य हूं कि यदि वे इसी तरह के कृत्यों में शामिल रहे तो उन्हें (आरोपियों को) कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।''

स्टालिन ने कहा, ''यह तमिलनाडु है और आपके राजनीतिक खेल यहां सफल नहीं होंगे।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)