देश की खबरें | भाजपा जन मुद्दों पर चर्चा से बचने के लिए ध्यान भटकाने वाली तरकीबें इस्तेमाल करती है: श्रीनिवास

जम्मू, 11 सितंबर अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बी वी श्रीनिवास ने सोमवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बेरोजगारी और महंगाई जैसे ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा से बचने के लिए ध्यान भटकाने वाली तरकीबों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा के पास विभिन्न मुद्दों पर जनता को गुमराह करने के सिवा उन्हें देने के लिए कुछ नहीं है।

उन्होंने यहां कहा, ‘‘मणिपुर पिछले पांच महीने से जल रहा है, लेकिन उन्होंने (भाजपा ने) उसका (इस पूर्वोत्तर राज्य का) दौरा नहीं किया। जब विपक्षी गठबंधन का नाम ‘इंडिया’ रखा गया तब भी वह परेशान हो गयी। उसे आगामी महीनों में पांच राज्यों में होने जा रहे चुनाव में अपनी किस्मत के बारे में पता है, इसलिए उसने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को लेकर एक समिति गठित की है।’’

केंद्र सरकार ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की संभावनाएं टटोलने के लिए पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की अध्यक्षता में एक समिति बनायी है। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम और तेलंगाना में इस साल विधानसभा चुनाव और अगले साल देश में लोकसभा चुनाव होने हैं।

श्रीनिवास ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार असल मुद्दों से लोगों का ध्यान बांटने के लिए अनावश्यक चीजें उठाती है। उन्होंने कहा, ‘‘वह बेरोजगारी और महंगाई के बारे में कभी बात नहीं करेगी, लेकिन भारत बनाम ‘इंडिया’ और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ जैसी चीजों पर चर्चा छेड़ देगी।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नामों को बदलने में माहिर है लेकिन ‘‘उससे उसे कुछ हासिल नहीं होगा क्योंकि अपनी जनविरोधी नीतियों के चलते पिछले नौ सालों में वह जनता के सामने बेनकाब हो गयी है।’’

श्रीनिवास के यहां पहुंचने पर कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष विकास रसूल वानी की अगुवाई में पार्टी समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

बाद में पार्टी मुख्यालय में जम्मू कश्मीर युवा कांग्रेस की नवनिर्वाचित टीम का अभिनंदन किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)