देश की खबरें | नगालैंड में भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा गये गिरजाघर, ऑटो-रिक्शा रैली में लिया हिस्सा

कोहिमा/दीमापुर, 16 सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा शुक्रवार को नगालैंड की राजधानी कोहिमा में एक गिरजाघर गये और पादरियों को पौधारोपण के लिए प्रोत्साहित किया।

बृहस्पतिवार को दो दिन की नगालैंड यात्रा पर पहुंचे नड्डा यहां मैरी हेल्प ऑफ क्रिश्चियन कैथेड्रल गये। उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष तेमजेन इमना एलोंग और सांसद फांगनोन कोनयाक भी थे।

इस गिरजाघर का 16 फुट ऊंचा क्रॉस एशिया में सबसे ऊंचे क्रॉस में से एक है। नगालैंड ईसाई बहुल राज्य है।

नड्डा ने कैथेड्रल की आंगतुक पंजिका में लिखा, ‘‘ होली पैलेस द कैथेड्रल में आना बहुत बड़ा मौका रहा । ईश्वर की आराधना के लिए किये गये प्रबंध से वाकई प्रभावित हुआ। ’’

गिरजाघर के पादरी फादर वेमेडो जोसेफ और चांसलर ऑफ कोहिमा डियोसेस फादर जैकब चारालेल ने भाजपा नेताओं को बताया कि 1989 में यह गिरजाघर स्थापित किया गया।

नड्डा ने गिरजाघर प्रशासकों को न केवल प्राकृतिक सुंदरता बल्कि पर्यावरण की सुरक्षा के लिए और पेड़ लगाने को प्रोत्साहित किया।

उसके बाद भाजपा प्रमुख हेलीकॉप्टर से दीमापुर गये जहां उन्होंने उपमुख्यमंत्री वाई पट्टोन के साथ सुसज्जित ऑटोरिक्शा की सवारी की।

ऑटोरिक्शा रैली के दौरान हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन करते हुए दोनों वरिष्ठ भाजपा नेता चुमौकेडिमा में एक रिसॉर्ट में गये जहां उन्हें बुद्धिजीवियों एवं पेशेवरों के साथ बैठक की।

दोपहर में दिल्ली रवाना होने से पहले भाजपा प्रमुख ने उपमुख्यमंत्री के निवास पर प्रदेश भाजपा की कोर समिति के साथ एक बैठक की। इस बैठक में क्या-क्या चर्चा हुई, उसका तत्काल पता नहीं चल पाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)