नयी दिल्ली, 22 फरवरी पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद गौतम गंभीर बुधवार को दिल्ली नगर निगम हाउस में उप महापौर के चुनाव में मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिये समय पर नहीं आ सके।
क्रिकेटर से सांसद बने गंभीर के एक सहयोगी ने बताया कि महापौर के चुनाव में वोट डालने के बाद बाद वह अपने एक संबंधी को देखने अस्पताल चले गये ।
गंभीर के सहयोगी ने कहा, ‘‘उन्होंने नव निर्वाचित महापौर को अपनी स्थिति के बारे में बताया था और उप महापौर के चुनाव में वोटिंग में शामिल होने के लिये शाम साढे चार बजे तक का समय मांगा था। लेकिन जब वह अपने संबंधी से अस्पताल में मिल कर वापस लौटे तब तक वोटिंग का समय समाप्त हो चुका था।’’
दिल्ली के सात लोकसभा और तीन राज्यसभा सदस्य के साथ-साथ विधानसभा अध्यक्ष द्वारा नामित 14 विधायकों सहित निर्वाचित प्रतिनिधि, एमसीडी के विचार-विमर्श शाखा के पदाधिकारियों के चुनाव में मतदान कर सकते हैं।
उप महापौर के चुनाव के बाद जब स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया में देरी हुई, तो भाजपा पार्षद शिखा राय ने कहा कि गंभीर को सिर्फ थोड़ी देर होने के कारण उनके मतदान के अधिकार से वंचित कर दिया गया और पूछा कि अब ऐसी जल्दी क्यों नहीं है।
राय ने नगरपालिका सचिव को बताया कि गंभीर ने अपना वोट डालने के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय मांगा था, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई, जबकि स्थायी समिति के सदस्यों के लिए चुनाव कराने में ऐसी कोई तेजी नहीं दिखाई गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY