क्रोसुरु (आंध्र प्रदेश), 12 जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं द्वारा गत दो दिनों से वाई एस जगन मोहन रेड्डी की अगुवाई वाली आंध्र प्रदेश सरकार के खिलाफ लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा कि वह केवल ईश्वर की कृपा और जनता के आशीर्वाद में विश्वास करते हैं।
राज्य में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष रेड्डी ने पालनाडु जिले के क्रोसुरु गांव में स्कूली छात्रों को मुफ्त शिक्षा किट वितरित करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ये टिप्पणी की।
उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘भाजपा जगन का समर्थन नहीं कर सकती है ... लेकिन आपका जगन उन पर विश्वास नहीं करता है। क्या आप जानते हैं कि आपका जगन किस पर विश्वास करता है? वह ईश्वर की कृपा और आपके (आंध्र प्रदेश के लोगों) आशीर्वाद में विश्वास करता है।’’
रेड्डी सोमवार को राज्य सरकार द्वारा साझा किए गए एक वीडियो लिंक में कुछ स्थानीय मीडिया घरानों और जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण द्वारा की गई आलोचनाओं के बारे में भी बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
शनिवार को तिरुपति जिले के श्री कालाहस्ती में एक जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने वाईएसआर कांग्रेस पार्टी सरकार पर अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकारों में से एक होने का आरोप लगाया था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी रविवार रात विशाखापट्टनम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सवाल किया था कि ‘‘राज्य को दिये गये लाखों करोड़ रुपये’’ का क्या हुआ।
विपक्षी दलों के खिलाफ अपनी लड़ाई को ‘कुरुक्षेत्र’ की लड़ाई करार देते हुए रेड्डी ने कहा कि उनकी हिम्मत उनके समर्थक हैं। उन्होंने आंध्र प्रदेश के लोगों से अनुरोध किया कि वे मीडिया के कुछ वर्गों द्वारा उनकी सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार पर विश्वास न करें।
रेड्डी ने लोगों से आह्वान किया कि यदि उनके घरों को उनके जरिये फायदा हुआ है तो वे उनके सैनिकों के रूप में खड़े हों।
तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू पर निशाना साधते हुए रेड्डी ने सवाल किया कि जब वह मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने 14 साल तक क्या किया था।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि नायडू साजिश, पीठ में छुरा घोंपने, धोखा देने और झूठ का पर्याय हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके (नायडू) नाम कोई उपलब्धि नहीं है।
रेड्डी ने दावा किया कि विपक्षी दल वास्तव में उनके खिलाफ नहीं बल्कि अप्रत्यक्ष रूप से गरीबों के खिलाफ लड़ रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY