नयी दिल्ली, 30 अगस्त राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सेंथिल कुमारन की हत्या मामले के मुख्य आरोपी के चार परिसरों पर बुधवार को छापेमारी की कार्रवाई की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कुमारन की इस साल मार्च में तमिलनाडु के विल्लुपुरम में मोटरसाइकिल से आए छह हमलवारों ने एक मिठाई की दुकान के सामने हत्या कर दी थी। उन्होंने पहले पीड़ित पर देसी बम फेंका था और उसके बाद धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी थी।
एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी श्री नीति उर्फ ‘नित्यानंद’ के तमिलनाडु में कडलूर जिले और पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी स्थित ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की गई।
अधिकारी ने बताया कि जिन परिसरों पर छापेमारी की कार्रवाई की गई उनमें आरोपी की अघोषित आवासीय संपत्ति भी शामिल है। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान डिजिटल उपकरण (मोबाइल फोन), सिम कार्ड, डोंगल, मोटरसाइकिल और अपराध में संलिप्तता का संकेत करने वाले दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई नित्यानंद और अन्य द्वारा रची गई साजिश का खुलासा करने के लिए एजेंसी द्वारा की जा रही जांच का हिस्सा थी।
पुडुचेरी पुलिस ने विल्लियानुर थाने में इस साल मार्च में सबसे पहले हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी जिसकी जांच बाद में एनआईए ने अपने हाथ में ले लिया।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ आज की छापेमारी की कार्रवाई के दौरान जब्त विभिन्न उपकरण और दस्तावेजों की जांच की जा रही है और मामले में एनआईए की जांच जारी है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY