अमरावती(महाराष्ट्र), सात जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता कपिल मिश्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ राजनेताओं, पत्रकारों और वकीलों का एक समूह विशेष एजेंडा चला रहा है तथा देश में हाल में हुई कई हत्याओं के लिए इसे जिम्मेदार ठहराया।
मिश्रा ने अमरावती में उमेश कोल्हे के परिजनों से मुलाकात करने के बाद संवाददाताओं से यह बात कही।
गौरतलब है कि कैमिस्ट उमेश कोल्हे (54) की 21 जून को कुछ अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी।
पुलिस के मुताबिक उमेश ने पैगंबर मोहम्मद के बारे में भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नुपुर शर्मा द्वारा की गयी विवादास्पद टिप्पणी को व्हाट्सऐप पर साझा किया था।
भाजपा की दिल्ली इकाई के नेता ने आरोप लगाया कि आतंकवाद का प्रयोग करने के लिए अमरावती शहर चरमपंथी धार्मिक समूहों की एक प्रयोगशाला बन गया है। मिश्रा ने स्थानीय पुलिस पर कोल्हे की हत्या के मामले में कई दिनों तक तथ्यों को छिपाने का भी आरोप लगाया।
भाजपा नेता ने कहा, "एक समुदाय विशेष से संबंधित एक समूह अल्पसंख्यक होने के कारण समुदाय के असुरक्षित होने के बहाने देश में एजेंडा चला रहा है।"
मिश्रा ने आरोप लगाया, "कई बड़े नेता, पत्रकार और वकील इस समूह का हिस्सा हैं। ये सभी देश में हो रही हत्याओं के लिए जिम्मेदार हैं। यह समूह देश में आतंकवादियों की भर्ती के लिए आधार तैयार कर रहा है। वास्तविक हत्यारे कठपुतली की तरह हैं, लेकिन उनके पीछे यह समूह है।"
भाजपा नेता ने उमेश कोल्हे के परिवार को 30 लाख रुपये का एक चेक भी सौंपा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY