देश की खबरें | भाजपा ने केजरीवाल और सत्येंद्र जैन के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, जल मंत्री सत्येंद्र जैन और आम आदमी पार्टी (आप) के अन्य नेताओं के खिलाफ बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

भाजपा का आरोप है कि उसके सांसद मनोज तिवारी के राजधानी में एक भूमिगत जलाशय के दौरे के समय आम आदमी पार्टी के नेताओं ने लोगों को उकसाया और क्षेत्र की शांति भंग करने की कोशिश की।

जैन ने मंगलवार को आरोप लगाया था कि मनोज तिवारी अपने करीब 300-400 समर्थकों के साथ सोनिया विहार स्थित भूमिगत जलाशय (यूजीआर) में जबरन घुस गए थे।

मनोज तिवारी ने इन आरोपों से इनकार किया था और जैन पर पलटवार करते हुए उन्हें "झूठा मंत्री" करार देते हुए कहा कि वह ‘फर्जी’ खबरें फैला रहे हैं।

भाजपा की उत्तर-पूर्वी दिल्ली जिला इकाई के अध्यक्ष मोहन गोयल द्वारा दायर शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जैन ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से ‘झूठा’ प्रचार किया कि भाजपा नेताओं ने जबरन जलाशय में प्रवेश किया। गोयल के मुताबिक इसके बाद आप के अन्य नेताओं ने अफवाहें फैलाईं कि भाजपा नेताओं ने पानी में कुछ मिला दिया था।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि की और कहा कि इसकी जांच की जा रही है।

भाजपा ने अपनी शिकायत में जैन और केजरीवाल सहित आप के अन्य नेताओं पर लोगों को उकसाने और शांति को भंग करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ जांच एवं कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)