देश की खबरें | सांसद अरविंद शर्मा को पार्टी से निकाले भाजपा : जयप्रकाश

जींद, सात नवंबर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता जयप्रकाश ने रोहतक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अरविंद शर्मा के उस बयान की निंदा की, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर ‘‘आंखें निकालने, हाथ तोड़ने’’ की बात कही थी। उन्होंने शर्मा को पार्टी से निकालने की भाजपा से मांग की।

हरियाणा के रोहतक में भाजपा नेताओं को बंधक बनाए जाने को लेकर शर्मा ने कथत तौर पर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि जिसने भी मनीष ग्रोवर की तरफ आंख उठाकर देखा तो उसकी आंख निकाल लेंगे।

कांग्रेस नेता ने रविवार को कहा, ‘‘भाजपा अगर अरविंद शर्मा को पार्टी में रखती है तो हम समझेंगे कि उनका बयान भाजपा, जजपा की साजिश है। यह दुखद है कि इस बयान पर एक भी भाजपा-जजपा नेता ने प्रतिक्रिया नहीं दी है।

जयप्रकाश उचाना मॉडल टाउन में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए थे और इसी दौरान उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत की।

उन्होंने कहा कि भाजपा की जो मानसिकता है, वह सांसद अरविंद शर्मा के बयान से सामने आ गई है। खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर लठ उठाने का बयान दे चुके हैं।

जयप्रकाश ने सांसद के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत मामला दर्ज करने की भी मांग की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)