लखनऊ, 11 सितंबर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर स्मार्ट सिटी योजना के नाम पर आए बजट में भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया है।
अखिलेश ने सोमवार को कहा कि राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में हुई बारिश के बाद पैदा हुए हालात ने स्मार्ट सिटी के दावों की पोल खोल दी है।
यादव ने यहां एक बयान में कहा, "भाजपा सरकार ने स्मार्ट सिटी के नाम पर प्रदेश की जनता को धोखा दिया है। स्मार्ट सिटी के नाम पर आए बजट में जमकर लूट और भ्रष्टाचार हुआ है जिसका नतीजा सबके सामने है। राजधानी लखनऊ समेत अन्य जिलों में हुई बरसात से प्रदेश के कई शहरों के हालात खराब हैं। बारिश से भाजपा की स्मार्ट सिटी बह गई। भाजपा की स्मार्ट सिटी के दावों की पोल खुल गई है।"
उन्होंने कहा कि लखनऊ के नये-पुराने सभी इलाकों में हर जगह भारी जल भराव की स्थिति है और हजारों घरों और दुकानों में पानी घुस गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि भाजपा और उसकी ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार ने लखनऊ समेत अन्य नगरों के लिए क्या किया। स्मार्ट सिटी के नाम पर सैकड़ों करोड़ रुपये के बजट का क्या हुआ।"
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से नगर निगम पर काबिज भाजपा ने राजधानी लखनऊ की सीवर और सफाई व्यवस्था के लिए कोई काम नहीं किया। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को सपने दिखाने और गुमराह करने के सिवा कुछ काम नहीं किया।
गौरतलब है कि राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अनेक जिलों में रविवार रात से ही बारिश का सिलसिला जारी रहने से जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY