ताजा खबरें | इलाहाबाद सीट से भाजपा प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी को विकास के बल पर जीत की उम्मीद

प्रयागराज, 23 मई इलाहाबाद लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी नीरज त्रिपाठी को मोदी सरकार के विकास कार्यों के बल पर जनता का समर्थन मिलने और चुनाव में जीत हासिल होने का भरोसा है।

त्रिपाठी का कहना है कि यदि वह इलाहाबाद सीट से सांसद निर्वाचित होते हैं तो उद्योगों का पुनरुद्धार, स्वास्थ्य सुविधाओं और ग्रामीण इलाकों में शिक्षा व्यवस्था में सुधार उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी के पुत्र 57 वर्षीय नीरज त्रिपाठी को निवर्तमान सांसद रीता बहुगुणा जोशी की जगह भाजपा ने इलाहाबाद सीट से उम्मीदवार बनाया है। 2014 में भाजपा के श्यामा चरण गुप्त ने इस सीट से जीत हासिल की थी।

इससे पूर्व नीरज त्रिपाठी उत्तर प्रदेश सरकार के अपर महाधिवक्ता थे। उनके परिवार के करीबी लोग बताते हैं कि पार्टी द्वारा नीरज के नाम की आधिकारिक घोषणा से पहले उन्होंने राजनीति में कभी सक्रियता नहीं दिखाई, भले ही उनके पिता इलाहाबाद से भाजपा के वरिष्ठ नेता थे।

विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के उम्मीदवार उज्ज्वल रमण सिंह से कड़ी चुनौती का सामना कर रहे नीरज त्रिपाठी पिछले एक महीने से गांव-गांव जाकर चुनाव प्रचार में लगे हैं। इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र प्रयागराज जिले में आता है जहां 25 मई को मतदान होना है।

इस लोकसभा क्षेत्र में 18,25,730 पंजीकृत मतदाता हैं। प्रयागराज का एक हिस्सा फूलपुर लोकसभा क्षेत्र में भी आता है।

त्रिपाठी ने कहा कि वह सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका सम्मान में विश्वास करते हैं और विकास के एजेंडा के साथ इलाहाबाद के लोगों के पास जा रहे हैं।

त्रिपाठी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, “यदि मैं सांसद के तौर पर चुना जाता हूं तो इलाहाबाद के नैनी क्षेत्र का औद्योगिक विकास मेरी शीर्ष प्राथमिकता होगी। यहां कई औद्योगिक इकाइयां हैं जो फिलहाल बंद हैं और मैं इन्हें फिर से चालू कराने का प्रयास करूंगा। साथ ही क्षेत्र में नई औद्योगिक इकाइयां लाने और मूलभूत सुविधाओं में सुधार लाने का प्रयास करूंगा।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)