नयी दिल्ली, 21 जुलाई पूर्व केंद्रीय मंत्री शिव प्रताप शुक्ला और मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह को क्रमश: राज्यसभा और लोकसभा में भाजपा का नया मुख्य सचेतक बनाया गया है।
सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य शुक्ला को नारायण पंचारिया की जगह यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाल ही में पंचारिया का कार्यकाल समाप्त हो गया था।
मध्य प्रदेश के जबलपुर से भाजपा के सांसद राकेश सिंह लोकसभा में संजय जायसवाल की जगह लेंगे। जायसवाल को पिछले दिनों बिहार प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
यह भी पढ़े | जिस राज्य में मुख्यमंत्री ही असुरक्षित हैं, वहां आम लोगों का क्या हाल होगा: पूर्व सीएम रघुवर दास.
राकेश सिंह पहले भी लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक रह चुके हैं। मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति होने के बाद उन्होंने ये पद छोड़ दिया था।
दोनों नियुक्तियां स्पष्ट इंगित करती हैं कि भाजपा संसद के आगामी मानसून की तैयारियों में जुट गई है। मानसून सत्र अगस्त के आखिरी सप्ताह में या सितम्बर महीने में आरंभ हो सकता है।
इस बीच, बुधवार को राज्यसभा के लिए नवनिर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण होगा। कोरोना महामारी के परिणामस्वरूप तय दिशा-निर्देशों के तहत कुल 61 नवनिर्वाचित सदस्यों में 45 सदस्यों ने ही शपथ ग्रहण में शामिल होने की स्वीकृति दी है।
यह पहला मौका होगा जब राज्यसभा के निर्वाचित सदस्य अंतर सत्र की अवधि में सदन के चैम्बर में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण आमतौर पर या तो सत्र के दौरान होता है अथवा जब संसद सत्र नहीं होता है तब राज्यसभा के सभापति के चैम्बर में होता है।
राज्यसभा के लिये हाल के चुनाव में 20 राज्यों से 61 सदस्य निर्वाचित हुए हैं ।
अधिकारियों के मुताबिक बाकी बचे निर्वाचित सदस्यों को संसद के मानसून सत्र के दौरान शपथ दिलायी जाएगी ।
पिछले दिनों कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह व मल्लिकार्जुन खड़गे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार सहित अन्य नवनिर्वाचित सदस्य राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू की उपस्थिति में शपथ ग्रहण करेंगे।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY