कोलकाता, एक अप्रैल पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में मतुआ समुदाय के लोगों के एक समूह को ले जा रही एक बस पर शरारती तत्वों द्वारा हमला किए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर और तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद ममताबाला ठाकुर ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
शांतनु ठाकुर पिछड़े हिंदू समुदाय के प्रमुख संगठन मतुआ महासंघ के अध्यक्ष हैं। ममताबाला ठाकुर भी इसी समुदाय से हैं।
केंद्रीय मंत्री शांतनु ने कहा, ''हमला पूर्व नियोजित प्रतीत होता है क्योंकि 30 लोगों के एक समूह ने बस को रोका और पथराव किया। उन्होंने अंदर मौजूद भक्तों और महिलाओं को भी पीटा। समुदाय के दो नेता गंभीर रूप से घायल हो गए।''
पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात उत्तर 24 परगना जिले के ठाकुरनगर में समुदाय के मेले में जा रही बस पर बारासात के काजीपारा इलाके से गुजरते समय हमला किया गया। दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में 40 लोग सवार थे।
भाजपा सांसद शांतनु ने कहा, ''अगर हमले के जिम्मेदार लोगों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो मतुआ समुदाय एक बड़ा आंदोलन शुरू करेगा।
पूर्व सांसद व टीएमसी नेता ममताबाला ठाकुर ने कहा कि यह एक निंदनीय घटना है।
उन्होंने कहा, ''हम अपने समुदाय के सदस्यों पर इस तरह के हमलों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम त्वरित जांच और दोषियों की गिरफ्तारी चाहते हैं।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY