चंडीगढ़, 17 जून आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को पंजाब की जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। दोनों ने एक-दूसरे दलों से आए नेताओं को प्रत्याशी घोषित किया है।
आम आदमी पार्टी ने जहां मोहिंदर भगत को अपना उम्मीदवार बनाया है, वहीं भाजपा ने शीतल अंगुराल को उपचुनाव में उतारा है।
जालंधर पश्चिम (आरक्षित) सीट पर उपचुनाव 10 जुलाई को होगा और मतगणना 13 जुलाई को होगी।
‘आप’ विधायक के रूप में अंगुराल के इस्तीफे के बाद उपचुनाव जरूरी हो गया था।
भगत पूर्ववर्ती शिरोमणि अकाली दल-भाजपा सरकार में मंत्री रहे भगत चुन्नीलाल के बेटे हैं। वह पिछले साल भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे।
उन्होंने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में जालंधर पश्चिम सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गए थे।
अंगुराल जालंधर के तत्कालीन सांसद सुशील रिंकू के साथ आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये थे।
भाजपा में शामिल होने के एक दिन बाद 28 मार्च को उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
विधानसभा अध्यक्ष ने 30 मई को अंगुराल का इस्तीफा स्वीकार कर लिया और इसके अगले दिन उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी गई थी।
अंगुराल ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के टिकट पर जालंधर पश्चिम सीट से उस समय कांग्रेस के प्रत्याशी रहे रिंकू को हराया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY