देश की खबरें | भाजपा ने ‘आप’ पर एमसीडी शिक्षा व्यवस्था के ‘राजनीतिकरण’ का आरोप लगाया

नयी दिल्ली, 30 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को नगर आयुक्त ज्ञानेश भारती से मुलाकात की और एक “विरोध पत्र” सौंपा। इस पत्र में प्रतिनिधिमंडल ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की पाठ्यपुस्तकों में दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी की तस्वीर और एक पत्र “छपवाकर” शिक्षा व्यवस्था के “राजनीतिकरण” का आरोप लगाया।

हालांकि एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उसकी किसी भी पाठ्यपुस्तक में ऐसी कोई तस्वीर या पत्र प्रकाशित नहीं किया गया है।

‘मिशन बुनियाद’ की विषयवस्तु में मंत्री की एक तस्वीर और एक संदेश प्रकाशित किया गया है।

भाजपा ने एक बयान में कहा, “दिल्ली भाजपा के पार्षदों के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल ने आज नगर आयुक्त ज्ञानेश भारती से मुलाकात कर नगर निगम की शिक्षा प्रणाली के राजनीतिकरण के खिलाफ एक विरोध पत्र सौंपा।”

बयान में कहा गया है कि पत्र पर भाजपा के सभी पार्षदों ने हस्ताक्षर किए।

भाजपा पार्षद और दक्षिण दिल्ली की पूर्व महापौर कमलजीत सहरावत ने पत्र सौंपने के बाद कहा कि नगर निगम छोटे बच्चों को प्राथमिक शिक्षा मुहैया कराता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ‘आप’ आतिशी का एक चित्र और एक पत्र “एमसीडी की किताबों में छपवाकर” और “छात्रों के बीच वितरित करके” नयी मिली सत्ता का “दुरुपयोग” कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)