देश की खबरें | भाजपा ने सुक्खू पर 'समोसा' विवाद को लेकर मीडिया की स्वतंत्रता को निशाना बनाने का आरोप लगाया

शिमला, 22 फरवरी हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने शनिवार को कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार समोसा कांड की जांच रिपोर्ट लीक होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर मीडिया की स्वतंत्रता को निशाना बना रही है।

ठाकुर ने यहां जारी एक बयान में कहा कि सरकार दिशाहीन और तानाशाह हो गयी है और मुख्यमंत्री को समोसा नहीं मिल पाने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

शिमला पुलिस ने 11 फरवरी को पुलिस अधीक्षक अपराध (सीआईडी) की शिकायत पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ चोरी, जालसाजी, सार्वजनिक शरारत और सीआईडी ​​विभाग से सूचना और दस्तावेज लीक करने की आपराधिक साजिश के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के संसाधन और ऊर्जा इस बात की जांच में बर्बाद हो गई है कि समोसा किसने परोसा, ​​समोसा कांड को किसने लीक किया और मीडिया में इसकी रिपोर्ट किसने और क्यों की।

उन्होंने कहा कि प्राथमिकी में झूठी सूचना, अफवाह या चिंता पैदा करने वाले समाचार वाले किसी भी बयान या रिपोर्ट को प्रकाशित या प्रसारित करके सार्वजनिक शरारत के लिए धारा 353 (2) का उल्लेख करना मीडिया पर प्रतिबंध लगाने का प्रयास है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह प्राथमिकी मीडिया की स्वतंत्रता पर हमला है। ऐसी प्राथमिकी दर्ज कर सरकार मीडिया को यह संदेश देना चाहती है कि उनकी विफलताओं के खिलाफ लिखने वाले किसी भी व्यक्ति को वह नहीं बख्शेगी।’’

ठाकुर ने कहा कि प्राथमिकी के अनुसार, संवेदनशील मामले बार-बार मीडिया में लीक हो जाते हैं। इसलिए मुख्यमंत्री को यह स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसे कितने मामले पूर्व में लीक हुए हैं और उनसे राज्य की आंतरिक सुरक्षा को क्या खतरा है।

ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री को यह भी बताना चाहिए कि समोसा कांड की जांच में किस प्रकार की गोपनीयता बरती जा रही है तथा इसका जनहित से क्या संबंध है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अपना तानाशाही वाला रवैया छोड़कर आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध चरम पर है और कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है। पिछले 50 दिनों में प्रदेश में 16 हत्याएं हुई हैं लेकिन पुलिस समोसा कांड की जांच में व्यस्त है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)