भुवनेश्वर, 22 फरवरी ओडिशा विधानसभा में बीजू जनता दल की महिला विधायक ने प्रदेश के संभलपुर जिले में एक महिला पुलिस निरीक्षक के साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार करने आरोप में विधानसभा में विपक्ष के नेता पद से भारतीय जनता पार्टी के जयनारायण मिश्रा को हटाये जाने की मांग की है।
बीजद विधायक स्नेहांगिनी छूरिया की अध्यक्षता में प्रदेश में सत्तारूढ़ बीजद के विधायकों का एक समूह ने विधानसभा अध्यक्ष बी के अरूखा से मुलाकात की और मिश्रा को विपक्ष के नेता के पद से हटाने संबंधी अपनी मांग रखी।
विधानसभा अध्यक्ष के साथ बैठक के बाद छूरिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मिश्रा की उपस्थिति में हम सदन में सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं। अपराध करना उनकी आदत में शामिल है। हालिया घटना ने हमारे भय को और बढ़ा दिया है जिसमें उन्होंने महिला पुलिस निरीक्षक के साथ मारपीट की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसलिये हम उन्हें संवैधानिक पद से हटाना चाहते हैं।’’
छूरिया ने यह भी आरोप लगाया कि मिश्रा महिला पुलिस अधिकारी को धक्का देने और थप्पड़ मारने, तलवार लेकर पुलिसकर्मी का पीछा करने तथा अपनी पार्टी के सहयोगी पर हमला करने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की आपराधिक प्रवृत्ति की मानसिकता वाला व्यक्ति परेशानी पैदा करता है।
उन्होंने दावा किया कि विधानसभा की महिला सदस्यों को उन्हें विधायक के तौर पर स्वीकार करने में दिक्कत हो रही है।
ओडिशा विधानसभा में 17 महिला सदस्य हैं जिनमें से 16 बीजद से हैं जिनमें से पांच राज्य सरकार में मंत्री हैं, जबकि भाजपा की एक मात्र महिला सदस्य कुसुम टेटे हैं जो सुंदरगढ़ से विधायक हैं ।
ओडिशा के संभलपुर जिले में भाजपा के विरोध प्रदर्शन के दौरान 15 फरवरी को जयनारायण मिश्रा ने एक महिला पुलिस अधिकारी को कथित रूप से धक्का दिया था ।
मिश्रा ने हालांकि इन आरोपों को खारिज करते हुये उलटा आरोप लगाया कि धनुपाली पुलिस थाने की प्रभारी निरीक्षक अनीता प्रधान ने उन्हें धक्का दिया था ।
दोनों ने इस संबंध में एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज करवायी है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY