देश की खबरें | जन्मदिन मना रहे युवक से खुद पर चली गोली, मौत

दुर्ग, 23 अगस्त छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अपने जन्मदिन की खुशी में बंदूक चलाने की कोशिश कर रहे युवक ने खुद को गोली मार ली । पुलिस ने युवक की मौत के मामले की जांच शुरू कर दी है।

दुर्ग जिले के पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में 12 बोर बंदूक की गोली से रोहन सिंह (18) की मौत हो गई है।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात रोहन अपने मित्रों और परिजनों के साथ जन्मदिन मना रहा था, इसी दौरान वह पिता का बंदूक ले आया और उसे चलाने की कोशिश करने लगा।

उन्होंने बताया कि रोहन बंदूक में गोली डाल रहा था तभी अचानक बंदूक चल गई और गोली उसके पेट में जा घुसी।

उन्होंने बताया ​कि घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल रोहन को लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 12 बोर बंदूक का लाइसेंस रोहन के पिता संजय सिंह के नाम पर है। संजय सिंह निजी सुरक्षाकर्मी का काम करते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)