देश की खबरें | ‘बिपारजॉय’: वन्यजीवों से संबंधित आपात स्थिति के लिए गिर वन, कच्छ में दलों को किया गया था तैनात

अहमदाबाद, 16 जून गुजरात सरकार ने गिर वन और कच्छ जिले में 200 से अधिक दलों को चक्रवात ‘बिपारजॉय’ के दौरान एशियाई शेरों और अन्य वन्यजीवों से संबंधित आपात स्थिति से निपटने के लिए तैनात किया था। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि एक दल ने बृहस्पतिवार शाम चक्रवात के आने के दौरान गिर पूर्वी संभाग के जसाधर रेंज में एक कुएं में गिरे शेर के दो शावकों को बचाया।

एक सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्य वन विभाग द्वारा गठित 210 दलों में से 184 को गिर वन और आसपास के क्षेत्रों में तैनात किया गया था।

इसमें कहा गया है कि जंगली जानवरों को बचाने, गिरे हुए पेड़ों को हटाने और वन्यजीवों से संबंधित किसी अन्य आपात स्थिति में तेजी से प्रतिक्रिया देने के लिए इन दलों का गठन किया गया था।

विज्ञप्ति के अनुसार, इन नौ संभागों में जूनागढ, गिर पूर्व, गिर पश्चिम, सासन, पोरबंदर, सुरेंद्रनगर, जामनगर, भावनगर और मोरबी शामिल थे।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि वन विभाग ने चक्रवात के दौरान किसी भी वन्यजीव आपात स्थिति के बारे में लोगों से संदेश प्राप्त करने के लिए विभिन्न स्थानों पर 58 नियंत्रण कक्ष स्थापित किये थे।

वन विभाग ने एक बयान में कहा, ‘‘गिर पूर्वी संभाग के जसाधर रेंज में एक कुएं के अंदर दो शावकों के होने के बारे में सूचना मिलने पर एक बचाव दल शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंचा और बारिश के बीच उन्हें कुएं से बाहर निकाला।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)