देश की खबरें | बिमल गुरुंग को सिक्किम के अस्पताल से छुट्टी दी गई

गंगटोक, छह जून गोरखा जनमुक्ति मोर्चा (जीजेएम) प्रमुख बिमल गुरुंग को स्वास्थ्य में सुधार के बाद सोमवार को सर थुतोब नामग्याल मेमोरियल (एसटीएनएम) अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

गुरुंग को तबीयत बिगड़ने के बाद 30 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती होने के बाद उन्होंने अपनी ‘‘अनिश्चितकालीन’’ भूख हड़ताल आधिकारिक रूप से समाप्त कर दी थी।

गोरखालैंड प्रादेशिक प्रशासन (जीटीए) के 26 जून को आगामी चुनाव को स्थगित करने और अर्द्ध-स्वायत्त परिषद के क्षेत्राधिकार का विस्तार करने की मांग को लेकर उन्होंने भूख हड़ताल की थी।

गुरुंग दार्जिलिंग के लिए रवाना हुए और देवराली के चोर्टेन मठ में कुछ समय के लिए रुके जहां उन्होंने प्रार्थना की।

एक सोशल मीडिया पोस्ट में, गुरुंग ने उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए एसटीएनएम अधिकारियों को धन्यवाद दिया।

जीजेएम नेता ने कहा, ‘‘मैं जल्द स्वस्थ हो सका क्योंकि एसटीएनएम अस्पताल की मेडिकल टीम और कर्मचारियों ने मेरे इलाज में कोई कसर नहीं छोड़ी। मैं डॉ डी पी राय और एसटीएनएम अस्पताल की पूरी मेडिकल टीम को धन्यवाद देता हूं।’’

भूख हड़ताल के पांचवें दिन गुरुंग का स्वास्थ्य खराब हो गया था, जिसके बाद उन्हें सिक्किम के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान में भर्ती कराया गया था।

गुरुंग का इलाज करने वाले डॉक्टरों ने तब कहा था कि उनका रक्त शर्करा का स्तर बढ़ा हुआ है जिसमें उतार-चढ़ाव हो रहा है और उनके मूत्र में खून आ रहा था, इसलिए उन्हें दिन के दौरान एसटीएनएम अस्पताल स्थानांतरित किया गया।

जीजेएम महासचिव रोशन गिरि ने कहा था कि डॉक्टर की सलाह पर गुरुंग ने अपना अनिश्चितकालीन अनशन वापस ले लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)