देश की खबरें | प.बंगाल विस के विशेष सत्र में विधायकों, मंत्रियों की वेतन वृद्धि पर विधेयक पारित होने की संभावना

कोलकाता, 13 अक्टूबर विधायकों और मंत्रियों के मासिक वेतन में प्रस्तावित वृद्धि पर विधेयक पारित करने के लिए पश्चिम बंगाल विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र सोमवार को बुलाए जाने की संभावना है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सितंबर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा विधायकों के वेतन वृद्धि के फैसले को इस विशेष सत्र के दौरान मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने कहा कि संभवत: सोमवार को एक दिवसीय सत्र आयोजित किया जाएगा। विधानसभा सूत्रों के मुताबिक, सत्र के दौरान मंत्रियों और विधायकों के मासिक वेतन में प्रस्तावित बढ़ोतरी पर एक विधेयक पेश किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने सात सितंबर को विधायकों के वेतन में बढ़ोतरी के संबंध में विधानसभा में घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि विधायकों के मासिक वेतन में 40,000 रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी।

उस समय, बनर्जी ने कहा था कि मुख्यमंत्री के वेतन में कोई संशोधन नहीं होगा क्योंकि वह लंबे समय से कोई वेतन नहीं ले रही हैं।

पश्चिम बंगाल में एक विधायक का वेतन, भत्ते और स्थायी समिति की बैठकों और सदन सत्रों में भाग लेने के लिए अतिरिक्त भत्ते सहित, 81,000 रुपये है, जबकि एक राज्य मंत्री को भत्ते सहित 1.10 लाख रुपये मिलते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)