देश की खबरें | बिहार: पोस्टमॉर्टम के लिए शव को रस्सी से घसीटकर अस्पताल ले जाने के मामले में पुलिस अधिकारी निलंबित

बेगूसराय, 30 जुलाई बिहार के बेगूसराय जिले में एक व्यक्ति के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रस्सी से बांधकर खींचते हुए अस्पताल ले जाने के एक कथित मामले में पुलिस के एक उपनिरीक्षक (एसआई) को शनिवार को निलंबित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई उस वीडियो के वायरल होने के बाद की गई है जिसमें एक व्यक्ति के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रस्सी से खींचकर अस्पताल ले जाते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश पैदा हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि लाखो थाना क्षेत्र के निपनिया गांव में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव सड़क किनारे मिला।

पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया, ‘‘उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह को मामले की जांच करने और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के लिए कहा गया था। उन्होंने दो सफाई कर्मचारियों को इस कार्य में लगाया, जिन्होंने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल ले जाते समय रस्सी से घसीटा।’’

कुमार ने कहा कि यह एक अमानवीय कृत्य है और एक पुलिस अधिकारी को शव के साथ इस तरह का बर्ताव करने अनुमति नहीं देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस ने कहा कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे आक्रोश फैल गया।

उन्होंने कहा कि इसने पुलिस की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े किए है।

उन्होंने बताया कि जांच में यह भी पता चला कि शव को मुर्दाघर में ले जाने के दौरान भी पैरों में रस्सी बांधकर उसे खींचा गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)