देश की खबरें | बिहार : नालंदा जिले में चार साल का बच्चा बोरवेल में गिरा, बचाव कार्य जारी

बिहारशरीफ (बिहार), 23 जुलाई नालंदा जिले के नगर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 17 में करीब चार साल एक बच्चा रविवार की सुबह खेलने के क्रम में बोरवेल गिर गया जिसे निकालने का प्रयास प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि बोरवेल में फंसे बच्चे का नाम शिवम कुमार है और वह वार्ड संख्या-17 के निवासी डोमन माझी का पुत्र है।

जिलाधिकारी शशांक शुभंकर स्वयं घटनास्थल पहुंचकर शुभम को बचाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बोरवेल में लगभग 50 फिट की गहराई पर फंसे बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम घटनास्थल पहुंच चुकी है।

अधिकारियों ने बताया कि छह-सात जेसीबी द्वारा लगातार बोरवेल के बगल में खुदाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बोरवेल में फंसे बच्चे को ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है और उस पर सीसीटीवी के जरिए नजर रखी जा रही है।

एनडीआरएफ के सहायक कमांडर जयप्रकाश प्रसाद ने बताया कि बचाव कार्य में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।

उन्होंने बताया कि बच्चा अभी बिल्कुल ठीक है और बोरवेल के अंदर हरकत कर रहा है। हमारी कोशिश यथाशीघ्र शिवम कुमार की सकुशल बरामदगी कर लें।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)