देश की खबरें | बिहार भाजपा समर्थकों ने हमारे सांसद पर हमला किया, यह जंगलराज की मिसाल : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 31 जनवरी कांग्रेस ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि बिहार के सासाराम से उसके सांसद मनोज राम पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों ने जानलेवा हमला किया जो राज्य में ‘जंगल राज’ होने की एक मिसाल है।

बिहार के कैमूर जिले में बृहस्पतिवार को स्कूल बस खड़ी करने को लेकर हुई मारपीट में सासाराम लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनोज राम गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘बिहार में एक कल एक दुखद घटना हुई। सासाराम के सांसद मनोज राम जी के स्कूल के दो चलकों को पीटा गया, दोनों अनुसूचित जाति समुदाय से आते हैं। उनके भाइयों को 'जाति सूचक' शब्द का इस्तेमाल कर अपमानित किया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘घटना की जानकारी सांसद हुयी तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। जब वह घटना स्थल पर पहुंचे, तो उनके साथ भी गाली-गलौज की गई और उनपर पथराव किया गया, जिससे उनका सिर फूट गया।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘बिहार में आए दिन लोगों की हत्या हो ही रही है। अब जो संसद में चुनकर आता है, उसके साथ भी इस तरह का अत्याचार होने लगा है।’’

सिंह ने कहा कि सांसद पर जिन लोगों ने जानलेवा हमला किया, वो सब भारतीय जनता पार्टी के समर्थक थे, किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई, कोई कार्रवाई नहीं हुई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जंगल राज का इससे बड़ा उदाहरण और क्या हो सकता है? ’’

बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने कहा, ‘‘बिहार में शासन-प्रशासन खत्म हो चुका है। भाजपा जहां भी रहती है, दलितों पर अत्याचार की घटनाएं होती रहती हैं। आज बिहार में कोई भी सुरक्षित नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि बिहार में जब भाजपा-जद (यू) के लोग एक दलित सांसद पर हमला कर सकते हैं, तो आप राज्य का माहौल समझ सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)