देश की खबरें | भारद्वाज ने बेघर आश्रय स्थलों का निरीक्षण नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

नयी दिल्ली, 19 जून दिल्ली के शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज ने डीयूएसआईबी को पत्र लिखकर कहा है कि भीषण गर्मी के बीच बेघर आश्रय स्थलों के निरीक्षण के निर्देश का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ वह उचित कार्रवाई करे।

भारद्वाज ने बुधवार को दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) को लिखे अपने पत्र में कहा, "मौजूदा भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए मैंने बेघर आश्रय स्थलों में उचित व्यवस्था करने के संबंध में सीईओ को मौखिक निर्देश दिए थे...।’’

भारद्वाज ने कहा कि उन्होंने 11 जून को डीयूएसआईबी के सीईओ (मुख्य कार्यकारी) को तीन वरिष्ठ अधिकारियों को कम से कम पांच बेघर आश्रय स्थलों का औचक निरीक्षण करने के लिए नियुक्त करने के लिखित निर्देश दिए थे।

पत्र के अनुसार, "तीन अधिकारियों एसके सिंह, पीके झा और फोनिया को इन आश्रय स्थलों का निरीक्षण करना था और 18 जून को कमियों की सूची नीचे हस्ताक्षरकर्ता को सौंपनी थी।"

अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे आश्रय गृहों में पानी और कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

भारद्वाज ने कहा कि उन्हें कम से कम 90 रैन बसेरों की निरीक्षण रिपोर्ट मिलने की उम्मीद थी। पत्र के अनुसार "आज तक मुझे डीयूएसआईबी से निरीक्षण रिपोर्ट नहीं मिली है। इसलिए, आपको निर्देशों का पालन नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया जाता है।"

भारद्वाज ने कहा कि रैन बसेरों का प्रबंधन निजी एजेंसियों द्वारा किया जाता है और उन्हें इसके लिए भुगतान किया जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘इन एजेंसियों को बिना किसी चूक के सेवाएं प्रदान करनी चाहिए। अगर सेवाएं प्रदान नहीं की जा रही हैं और अधिकारी लापरवाह हैं, तो वरिष्ठ अधिकारियों से अपेक्षा की जाती है कि वे औचक निरीक्षण करें और कमियों की पहचान करें।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)