नयी दिल्ली, 28 जून दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने करंट लगने से मौत की हालिया घटना पर रोष प्रकट करते हुए बुधवार को कहा कि शहर में ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं हों, इसके लिए बिजली विभाग और नगर निगम एजेंसियों को निर्देश दिया गया है।
नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन परिसर पर रविवार को बारिश के बीच साक्षी आहूजा (34) दुर्घटनावश बिजली के एक तार के संपर्क में आ गईं जिससे उनकी मौत हो गई। दक्षिण-पूर्व दिल्ली के तैमूर नगर में उसी दिन बिजली का झटका लगने से 17 वर्षीय लड़के की मौत हो गई थी।
मंत्री ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया, ‘‘मैंने उस मीडिया रिपोर्ट को देखा है जिसमें एक ऑटो चालक नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर खंभे (जहां घटना हुई) के निकट एक बोर्ड से गुजरने वाले बिजली के तार के बारे में शिकायत कर रहा है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) जैसी निकाय एजेंसियों और बिजली विभाग को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं हों, अन्यथा इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’
राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर सियासी घमासान के बीच उन्होंने केंद्र पर दिल्ली पुलिस को ‘‘राजनीतिक उपकरण’’ के रूप में बदलने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अखबार में पढ़ रहा था कि दिल्ली में हर दिन 150 कारें चोरी होती हैं, इसका अर्थ है कि हर विधानसभा क्षेत्र में दैनिक आधार पर दो कारों की चोरी होती है। ये कारें कहां जा रही हैं? मुझे लगता है कि उप राज्यपाल को अपनी प्राथमिकताएं सही तरीके से तय करनी चाहिए।’’
भारद्वाज ने दावा किया, ‘‘झपटमारी, हथियार के दम पर लूटपाट, मोबाइल झपटमारी, चेन झपटमारी, बैग झपटमारी आम बात हो गई है। कानून का कोई डर नहीं है। दिल्ली पुलिस सियासी साजिशों की जांच कर रही है। हमारे पास सबसे अच्छी पुलिस व्यवस्था थी लेकिन केंद्र ने इसका दुरुपयोग कर इसे राजनीतिक उपकरण में बदल दिया है। पुलिस और दिल्ली के लोगों के लिए यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।’’
प्रगति मैदान सुरंग में लूटपाट की एक घटना के बाद दिल्ली में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को केंद्र सरकार और उप राज्यपाल वी. के. सक्सेना पर निशाना साधते हुए दावा किया था कि जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारी में जुटी दिल्ली में ‘‘जंगल राज’’ कायम है।
उन्होंने दावा किया कि अगर कानून एवं व्यवस्था का प्रभार मिल जाए तो आम आदमी पार्टी (आप) के नेतृत्व वाली सरकार दिल्ली को देश का ‘‘सबसे सुरक्षित शहर’’ बना देगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY