देश की खबरें | पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में भगवंत मान 16 मार्च को लेंगे शपथ, आप रोडशो करेगी

नयी दिल्ली/चंडीगढ़, 11 मार्च भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में 16 मार्च को खटकड़ कलां गांव में शपथ ग्रहण करेंगे, जो स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह का पैतृक गांव है। दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मान की मुलाकात के बाद शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने यह जानकारी दी।

आम आदमी पार्टी 13 मार्च को अमृतसर में रोडशो करेगी और पंजाब के लोगों को उनके ‘प्यार और विश्वास’ के लिए धन्यवाद देगी। शपथ ग्रहण समारोह और रोड शो दोनों में केजरीवाल शामिल होंगे।

पार्टी ने बैठक के बाद एक बयान जारी करके कहा कि ‘आप’की शानदार जीत के एक दिन बाद मान ने केजरीवाल और उनके माता-पिता से उनके आवास पर मुलाकात की और उनका 'आशीर्वाद' लिया । बयान के मुताबिक मान ने केजरीवाल को चंडीगढ़ में पार्टी के रोड शो और शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का न्योता भी दिया।

केजरीवाल ने सरदार भगवंत मान को पंजाब का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी और उन्हें पंजाब के लोगों के उज्ज्वल भविष्य के लिए दिन-रात काम करने का मंत्र दिया। बैठक के दौरान मान के नेतृत्व में पंजाब में सरकार गठन के बारे में विस्तृत चर्चा की गई।

‘आप’ने कहा कि बैठक के दौरान शपथ ग्रहण समारोह की योजना और कैबिनेट में शामिल होने वाले विधायकों पर भी चर्चा की गई। एक घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पंजाब में आप के राजनीतिक मामलों के प्रभारी राघव चड्ढा भी मौजूद थे। बाद में मान पंजाब के लिए रवाना हो गए।

केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘मेरा छोटा भाई भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगा। आज वह शपथ ग्रहण का न्योता देने मेरे घर आए। मुझे पूरा भरोसा है कि भगवंत एक मुख्यमंत्री के तौर पर पंजाब के लोगों की हर उम्मीद को पूरा करेंगे।’’ उन्होंने मुलाकात की एक तस्वीर भी साझा की।

बृहस्पतिवार को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद मान की केजरीवाल से यह पहली मुलाकात थी। आप ने राज्य की 117 विधानसभा सीटों में से 92 पर जीत दर्ज की है। मान ने धूरी सीट से 58,206 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की।

राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होने से पहले संगरूर में मान ने पत्रकारों से कहा था कि वह पंजाब चुनाव में पार्टी की जीत पर बधाई देने के लिए केजरीवाल से मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के नवांशहर जिले में स्थित पैतृक गांव खटकड़ कलां में होगा।

पार्टी की शानदार चुनावी जीत पर मान ने कहा, ‘‘लोगों ने अहंकारी लोगों को हराया और आम लोगों को विजयी बनाया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)