चंडीगढ़, 11 अप्रैल शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और सांसद संजय सिंह के खिलाफ निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन पर ‘आप’ की राजनीतिक गतिविधियों के लिए राज्य मशीनरी का दुरुपयोग करने और आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है।
शिअद के मुख्य प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने शिकायत में दावा किया कि मान और सिंह ने आम आदमी पार्टी (आप) के ‘‘राजनीतिक एजेंडे’’ का प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास और राज्य सरकार के मीडिया मंच का कथित तौर पर दुरुपयोग किया।
कलेर ने अपनी शिकायत में कहा, ‘‘उन्होंने आम चुनावों के संबंध में राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करने के लिए मंत्रियों की राजनीतिक बैठकें आयोजित कर मुख्यमंत्री आवास का इस्तेमाल करके आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया।’’
उन्होंने कहा कि यह राज्य के सरकारी खजाने की कीमत पर अपने राजनीतिक एजेंडे को प्रचारित करने के एकमात्र उद्देश्य से सरकारी मशीनरी का पूर्ण दुरुपयोग है। उन्होंने कहा कि यह मान और संजय सिंह द्वारा आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन है।
मान और ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य सिंह ने नौ अप्रैल को यहां पार्टी विधायकों और नेताओं के साथ बैठक की थी और उनसे आगामी लोकसभा चुनावों के लिए मतदाताओं के सामने राज्य सरकार की उपलब्धियां बताने को कहा था।
पंजाब में 13 लोकसभा सीट पर एक जून को मतदान होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY