देश की खबरें | बेंगलुरु भगदड़ : भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

बेंगलुरु, छह जून भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के महासचिव पी राजीव ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने बेंगलुरु में हुई भगदड़ की घटना को लेकर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और गृह मंत्री जी परमेश्वर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास बुधवार को मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और 56 लोग घायल हो गए। इस दौरान हजारों की संख्या में प्रशंसक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की आईपीएल में पहली खिताबी जीत के जश्न में भाग लेने के लिए पहुंचे थे।

पी राजीव ने भगदड़ की घटना को लेकर कहा, ‘‘इस मानवीय क्षति के लिए आरोपी नंबर एक सिद्धरमैया और आरोपी नंबर दो डी के शिवकुमार हैं। दोनों का मकसद आरसीबी की जीत से राजनीतिक लाभ लेना था। उन्होंने सत्ता का दुरुपयोग किया और उनकी वजह से लोगों की मौत हुई। मैंने जी परमेश्वर को आरोपी नंबर तीन बताया है। मेरे हिसाब से उनका कोई मकसद नहीं है, लेकिन वे लापरवाह थे और गृह मंत्री के तौर पर विफल रहे हैं।’’

भाजपा नेता राजीव ने यहां कब्बन पार्क पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को इस हादसे की नैतिक जिम्मेदारी लेनी होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने शिकायत की कॉपी सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को दे दी है। इसे प्राथमिकी में तब्दील किया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो मैं इस मामले में अदालत जाऊंगा और पीसीआर दर्ज करवाऊंगा। मैं पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया की मांग करता हूं।’’

पूर्व विधायक ने घटना के सिलसिले में बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी दयानंद और चार अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने के लिए राज्य सरकार की आलोचना भी की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)