बेंगलुरु, पांच जुलाई बेंगलुरु नगर निकाय के प्रमुख ने कोविड-19 से जान गंवाने वाले 65 वर्षीय उस व्यक्ति के परिवार से माफी मांगी है, जिसका शव एंबुलेंस के इंतजार के चलते तीन घंटे तक सड़क के किनारे पड़ा रहा था।
बृहद बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) के आयुक्त बी एच अनिल कुमार ने शनिवार को गवीपुरम में मृतक के परिवार से मुलाकात कर माफी मांगी और कहा कि बीबीएमपी कर्मचारियों को सही ढंग से हालात को संभालना चाहिये था।
परिवार ने बताया कि उनके घर के सदस्य को तीन जुलाई की शाम सांस लेने में तकलीफ हुई, जिसके बाद एंबुलेंस बुलाई गई।
उन्होंने बताया कि पीड़ित की तबीयत बिगड़ती जा रही थी और एंबुलेंस आने के आसार नजर नहीं आ रहे थे, लिहाजा वह घर से बाहर आए और अस्पताल जाने के लिये ऑटो-रिक्शा को रोका, लेकिन उसमें बैठने से पहले ही वह गिर गए।
यह भी पढ़े | कानपुर एनकाउंटर: पुलिस ऑपरेशन की भनक विकास दुबे को देने वाले भेदी को माना जाएगा हत्या का दोषी.
परिवार ने कहा कि एंबुलेंस तीन घंटे बाद आई और शव को ले गई।
कुमार ने ट्वीट किया, ''गवीपुरम में कोविड-19 के चलते जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार से मुलाकात की, जिनका शव सड़क के किनारे पड़ा रहा था। बीबीएमपी की ओर से हाथ जोड़कर बिना शर्त माफी मांगी। हमारे कर्मचारी बेहतर तरीके से स्थिति को संभाल सकते थे।''
उन्होंने लोगों से कोविड-19 के मरीजों और उनके परिवार वालों के साथ संवेदनशील रवैया अपनाने की अपील की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY