देश की खबरें | बंगाल के मंत्री ने गाजियाबाद में करंट लगने से मारे गए मजदूर के परिजन से मुलाकात की

कोलकाता, 27 अगस्त पश्चिम बंगाल के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में करंट लगने से मारे गए राज्य के एक मजदूर के समसेरगंज स्थित आवास पहुंचे और उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात की।

गाजियाबाद में करंट लगने की इस घटना में राज्य के तीन मजदूरों की मौत हो गई है।

उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले तीनों मजदूरों की गाजियाबाद में एक आवासीय योजना के निर्माण स्थल पर करंट लगने से शुक्रवार को मौत हो गई थी।

हकीम ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्हें मृतकों के परिजन से मिलने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक मृतक के परिजन को सरकार की ओर से दी जाने वाली आर्थिक सहायता के अलावा सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) भी दो-दो लाख रुपये देगी।

राज्य में ‘‘नौकरी के अवसरों की कमी’’ के लिए टीएमसी सरकार की आलोचना करते हुए कांग्रेस के सांसद अधीर चौधरी ने दावा किया कि राज्य ‘‘प्रवासी श्रमिकों का केंद्र बन गया है’’।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पूरा पश्चिम बंगाल, खासकर मालदा और मुर्शिदाबाद जिले प्रवासी श्रमिकों के केंद्र बन गए हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)