देश की खबरें | बंगाल : आईएसएफ विधायक ने घर पर पथराव का आरोप लगाया, पुलिस ने दावे को खारिज किया

कोलकाता, 10 अगस्त पश्चिम बंगाल में इंडियन सेक्युलर फ्रंट (आईएसएफ) के विधायक नौशाद सिद्दीकी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि हुगली जिले के फुरफुरा शरीफ में उनके आवास पर पथराव किया गया ।

पंचायत बोर्ड के गठन को लेकर इलाके में तनाव बढ़ने के बीच विधायक ने यह आरोप लगाया है। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने आरोप से इनकार किया है।

दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि उनके घर पर पत्थर फेंके गए और उन्हें प्रभावित क्षेत्र में जाने से रोका गया।

स्थानीय पंचायत बोर्ड के गठन को लेकर आईएसएफ और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के समर्थक बड़ी संख्या में एकत्र हो गए, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया।

क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

राज्य के परिवहन मंत्री और जंगीपारा विधायक स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने आरोप लगाया कि सिद्दीकी क्षेत्र में ‘‘समस्या खड़ी करने की कोशिश’’ कर रहे हैं। उन्होंने फुरफुरा में अशांति फैलाने में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

फुरफुरा शरीफ को अजमेर की दरगाह शरीफ के बाद दूसरा सबसे पवित्र सूफी तीर्थ माना जाता है।

मंत्री ने कहा कि स्थानीय पंचायत चुनाव में टीएमसी ने 24 सीटें जबकि आईएसएफ ने पांच सीटें जीतीं हैं और पंचायत बोर्ड गठित करने के लिए सत्तारूढ़ दल को किसी भी अनुचित साधन का सहारा लेने की जरूरत नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)