देश की खबरें | घाटकोपर होर्डिंग हादसे से पहले भिंडे पर 100 से अधिक बार जुर्माना लगा था : पुलिस

मुंबई, 23 मई मुंबई के घाटकोपर इलाके में होर्डिंग गिरने की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार भावेश भिंडे पर नियमों के उल्लंघन के लिए बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने अतीत में कम-से-कम 100 बार जुर्माना लगाया था। पुलिस जांच में यह जानकारी सामने आई है।

भावेश भिंडे घाटकोपर के छेड़ा नगर इलाके में एक पेट्रोल पंप पर विशाल आकार का होर्डिंग लगाने वाली विज्ञापन कंपनी इगो मीडिया का निदेशक था। तेज आंधी में यह विशाल होर्डिंग 13 मई को गिर गया था जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई थी।

एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने अपनी जांच में पाया कि बीएमसी ने अवैध होर्डिंग लगाने या उनके आकार और अन्य मापदंडों से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने के लिए भिंडे पर 100 से अधिक बार जुर्माना लगाया या उसे नोटिस जारी किया था।

भिंडे को कुछ नगर निकायों द्वारा काली सूची में डाल दिया गया था, लिहाजा ऐसा संदेह जताया जा रहा है कि उसने एक ऐसी कंपनी के माध्यम से काम करना शुरू कर दिया जो उसके नाम पर पंजीकृत नहीं थी।

होर्डिंग गिरने की इस दुखद घटना में 75 लोग घायल भी हुए थे।

पेट्रोल पंप पर विशाल आकार का होर्डिंग लगाने वाली विज्ञापन कंपनी के निदेशक भिंडे को बाद में राजस्थान के उदयपुर से गिरफ्तार किया गया। उसे एक अदालत ने 26 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)