लखनऊ, 22 मार्च उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दोबारा सरकार बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। 25 मार्च को सरकार के गठन के लिए 'शपथ ग्रहण समारोह' का आयोजन किया जाएगा। शपथ ग्रहण से पहले शुक्रवार की सुबह आठ से नौ बजे के बीच भाजपा कार्यकर्ता राज्य के 27 हजार से अधिक शक्ति केंद्र के मंदिरों में जाकर लोक कल्याण के लिए पूजन करेंगे।
इससे पहले बृहस्पतिवार की शाम को भाजपा विधानमंडल दल के नेता के चुनाव के लिए बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में बतौर पर्यवेक्षक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सह पर्यवेक्षक झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास शामिल होंगे।
भाजपा सूत्रों के अनुसार बैठक में योगी आदित्यनाथ के विधानमंडल दल के नेता चुने जाने की औपचारिकता पूरी होगी। शाह राज्य सरकार के नये मंत्रिमंडल के गठन को लेकर भी विचार विमर्श कर सकते हैं।
25 मार्च को गठित होने वाली सरकार में उपमुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों के नामों को लेकर अभी अटकलें लगाई जा रही हैं। भाजपा के राज्य मुख्यालय में सोमवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बंसल ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के पूर्ण बहुमत में आने के बाद गोरखपुर से पांच बार के सांसद रहे योगी आदित्यनाथ को 'लोकभवन' में संपन्न विधायक दल की बैठक में भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुना गया था।
इसके बाद योगी ने 19 मार्च 2017 को दो उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डॉक्टर दिनेश शर्मा समेत अपने मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इस बार विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 403 सीट पर सहयोगियों समेत 273 सीटें जीत कर फिर पूर्ण बहुमत हासिल किया है।
पार्टी राज्य में 37 साल बाद लगातार पूर्ण बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाने का कीर्तिमान रचेगी। इससे पहले वर्ष 1985 में नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व में कांग्रेस की लगातार दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनी थी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने मंगलवार को 'पीटीआई-' को बताया कि नई सरकार के गठन के लिए 25 मार्च को अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम, शहीद पथ, लखनऊ में भव्य तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण दोपहर बाद होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY