देश की खबरें | शाह के दौरे से पहले बंगाल भाजपा ने दिखाई एकजुटता, टीएमसी को हटाने का किया आह्वान

कोलकाता, चार मई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की प्रस्तावित बंगाल यात्रा से एक दिन पहले, गुटबाजी से त्रस्त राज्य की भाजपा इकाई ने बुधवार को एकजुटता दर्शाते हुए ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को हटाने का आह्वान किया।

रानी रश्मोनी रोड पर एक कार्यक्रम का आयोजन पिछले साल चुनाव बाद हुई हिंसा के पीड़ितों की याद में आयोजित किया गया था जो पार्टी द्वारा नियोजित सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रम का हिस्सा है। यह आयोजन ऐसे वक्त हो रहा है जब सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के तीसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा हो रहा है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और उनके पूर्ववर्ती दिलीप घोष के साथ मंच साझा करते देखा गया। हालांकि हाल ही में बंगाल में भगवा खेमे को चलाने के लिए “अनुभव की आवश्यकता” को लेकर दोनों में वाकयुद्ध चल रहा था।

इस कार्यक्रम में विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी, भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी और अर्जुन सिंह तथा राज्य महासचिव अग्निमित्र पॉल मौजूद थे।

शाह का पांच मई से दो दिनों के लिए बंगाल का दौरा करने का कार्यक्रम है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)