जरुरी जानकारी | बाटा इंडिया का शुद्ध लाभ 10 प्रतिशत घटकर 107.8 करोड़ रुपये

कोलकाता, नौ अगस्त जूते-चपल बनाने वाली कंपनी बाटा इंडिया लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में एकल आधार पर शुद्ध लाभ 10 प्रतिशत घटकर 107.8 करोड़ रुपये हो गया।

कंपनी का शुद्ध लाभ पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 119.3 करोड़ रुपये था।

बाटा इंडिया लिमिटेड की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, परिचालन आय सालाना आधार पर दो प्रतिशत बढ़कर 958.1 करोड़ रुपये रही।

समीक्षाधीन तिमाही में खर्च बुढ़कर 826.9 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष 792.6 करोड़ रुपये था। पहली तिमाही में जूतों की औसत बिक्री कीमत में तीन प्रतिशत की वृद्धि हुई।

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी गुंजन शाह ने एक बयान में कहा, ‘‘ हम मांग में फिर से बढ़ोतरी को लेकर आश्वस्त हैं। दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों, डिजिटल मंचों में विस्तार करना जारी रखेंगे। ग्राहक सेवा और ब्रांड विपणन को बेहतर बनाने में निवेश करेंगे।’’

कंपनी ने तिमाही के दौरान 70 दुकानें खोली। इसके साथ देशभर में इसकी दुकानों की संख्या 2100 पहुंच गयी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)