जरुरी जानकारी | आठ अमेरिकी उत्पादों पर बुनियादी शुल्क जारी रहेगा, केवल अतिरिक्त कर हटाः भारत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका एवं कुछ अन्य देशों से सेब और अखरोट सहित आठ उत्पादों के आयात पर बुनियादी सीमा शुल्क एवं अन्य शुल्कों का लगना जारी रहेगा।
नयी दिल्ली, 15 सितंबर सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका एवं कुछ अन्य देशों से सेब और अखरोट सहित आठ उत्पादों के आयात पर बुनियादी सीमा शुल्क एवं अन्य शुल्कों का लगना जारी रहेगा।
वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव पीयूष कुमार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इन आठ अमेरिकी उत्पादों पर से अतिरिक्त शुल्क हटाया गया है लेकिन बुनियादी सीमा शुल्क एवं अन्य शुल्क पहले की तरह लगते रहेंगे।
भारत ने हाल ही में अमेरिका से आयात होने वाले आठ उत्पादों पर से अतिरिक्त शुल्क हटाने की घोषणा की है। वर्ष 2019 में भारत ने कुछ स्टील और एल्यूमीनियम उत्पादों पर शुल्क लगाने के अमेरिकी कदम के विरोध में उसके कुल 28 उत्पादों पर अतिरिक्त शुल्क लगाया था।
कुमार ने कहा कि भारत ने चना, दाल, बादाम, अखरोट, सेब, बोरिक एसिड, डायग्नोस्टिक उत्पादों पर से अतिरिक्त शुल्क को वापस ले लिया है। इन वस्तुओं का अमेरिका से भारत में आयात का मूल्य वित्त वर्ष 2022-23 में 1.08 अरब डॉलर था।
इसके बदले में भारत को इस्पात और एल्यूमीनियम उत्पादों के मामले में छूट से अमेरिका में अनिश्चित काल के लिए बाजार पहुंच हासिल हुई है।
कुमार ने कहा कि इन उत्पादों की कुल अनुमोदित मात्रा 3.36 लाख टन है जिसका कुल मूल्य 1.01 अरब डॉलर है।
उन्होंने कहा, "सभी आठ उत्पादों के लिए मौजूदा मूल सीमा शुल्क दरें अधिभार, उपकर, आईजीएसटी के साथ अमेरिका सहित सभी देशों से इन आयातों पर लागू हैं।"
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारत में खराब गुणवत्ता वाले सेब के आयात को हतोत्साहित करने के लिए 50 रुपये प्रति किलो का न्यूनतम आयात मूल्य तय किया गया है। यह प्रावधान भूटान को छोड़कर सभी देशों से सेब के आयात पर लागू होगा।
वर्ष 2019 में भारत ने अमेरिका से आयातित चने पर 10 प्रतिशत, दाल पर 20 प्रतिशत, बादाम पर 7-20 रुपये प्रति किलो और अखरोट, सेब, बोरिक एसिड एवं डायग्नोस्टिक उत्पादों पर 20-20 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाया था।
अमेरिका से आने वाले चने पर 60 प्रतिशत, दाल पर 30 प्रतिशत, बादाम पर 35-100 रुपये प्रति किलोग्राम, अखरोट पर 100 प्रतिशत बुनियादी सीमा शुल्क लगता है जबकि सेब पर 50 प्रतिशत, बोरिक एसिड पर 7.5 प्रतिशत और डायग्नोस्टिक रसायनों पर 10 प्रतिशत शुल्क लगता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 15, 2023 09:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

