जरुरी जानकारी | बांग्लादेश ने त्रिपुरा, अन्य पूर्वोत्तर राज्यों के लिये चार मार्ग अधिसूचित किये

अगरतला, चार अगस्त बांग्लादेश सरकार ने भारतीय व्यापारियों के लिये त्रिपुरा और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में माल परिवहन के लिये चार मार्ग निर्धारित किये हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

आवागमन के चार अधिसूचित मार्ग चटगांव बंदरगाह-अखौरा-अगरतला, मोंगला बंदरगाह-अखौरा-अगरतला, चटगांव-बीबीरबाजार-श्रीमंतपुर और मोंगला बंदरगाह-बीबीरबाजार-श्रीमंतपुर हैं।

राज्य के उद्योग और वाणिज्य मंत्री सनताना चकमा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘भारत और बांग्लादेश ने एक समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं। इससे भारतीय व्यापारियों को माल के परिवहन के लिये बांग्लादेश में चटगांव और मोंगला बंदरगाहों का उपयोग करने की अनुमति मिल गई है। बांग्लादेश सरकार ने त्रिपुरा और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों से माल के परिवहन के लिये चार मार्गों को अधिसूचित किया है।’’

उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में निदेशक विश्वश्री बी ने कहा कि इन मार्गों पर माल परिवहन की अच्छी संभावना है।

चकमा ने यह भी कहा कि त्रिपुरा स्थानीय स्तर पर द्विपक्षीय व्यापार के लिये सीमा पर नौ हाट स्थापित करने की योजना बना रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने भारत-बांग्लादेश सीमा पर नौ हाट स्थापित करने के लिए केंद्र को पहले ही एक प्रस्ताव भेज दिया है। यह फिलहाल विचाराधीन है।’’

अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में, त्रिपुरा में दो ‘सीमावर्ती हाट’... सिपाहीजला जिले में कमलासागर और दक्षिण त्रिपुरा जिले में श्रीनगर...हैं। उत्तरी त्रिपुरा के धर्मनगर और धलाई जिले के कमालपुर में दो और ‘सीमा हाट’ पर काम चल रहा है।

चकमा ने कहा कि एशियाई विकास बैंक पश्चिम त्रिपुरा में बोधजंगनगर औद्योगिक क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिये 1,200 करोड़ रुपये का निवेश करने को लेकर सैद्धांतिक रूप से सहमत है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)