नयी दिल्ली, 21 फरवरी बजाज ऑटो लिमिटेड के निदेशक मंडल ने नीदरलैंड स्थित अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई बजाज ऑटो इंटरनेशनल होल्डिंग्स बीवी में 15 करोड़ यूरो (1,364 करोड़ रुपये) तक के निवेश को मंजूरी दे दी है।
कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना बताया कि निदेशक मंडल ने शुक्रवार को हुई बैठक में बजाज ऑटो इंटरनेशनल होल्डिंग्स बीवी, नीदरलैंड (बीएआईएच बीवी) में 15 करोड़ यूरो तक का निवेश करने की मंजूरी दे दी है।
कंपनी ने कहा कि यह निवेश इक्विटी पूंजी, वरीयता पूंजी, ऋण - ‘परिवर्तनीय या अन्यथा’ के रूप में हो सकता है। 31 मार्च 2026 तक कोष की जरूरतों के आधार पर पूंजी निवेश एक या अधिक किस्तों में किया जाएगा।
हालांकि कंपनी ने ‘‘निवेश अवसरों’’ के बारे में विस्तार से कोई जानकारी नहीं दी लेकिन यह मंजूरी ऐसे समय में मिली है, जब बजाज ऑटो वित्तीय संकट से जूझ रही ऑस्ट्रियाई बाइक विनिर्माता कंपनी केटीएम एजी को बचाने की कोशिश कर सकती है। केटीएम एजी न्यायिक पुनर्गठन के दौर से गुजर रही है।
बीएआईएच बीवी बजाज ऑटो की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है, जो निवेश कारोबार में सक्रिय है।
बीएआईएच बीवी के जरिये बजाज ऑटो के पास ऑस्ट्रिया में उसकी सहयोगी कंपनी पियरर बजाज एजी (पीबीएजी) में 49.9 प्रतिशत हिस्सेदारी है। पीबीएजी में शेष नियंत्रक हिस्सेदारी पियरर इंडस्ट्री एजी के पास है।
पीबीएजी की अपनी अनुषंगी कंपनी पियरर मोबिलिटी एजी (पीएमएजी) (जो केटीएम एजी की होल्डिंग कंपनी है) में लगभग 75 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY